जीरन। बाबा रामदेव रामधुन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी राम नाम का जप करते हुए जीरन थाना पहुंचे। उन्होंने गांव के एक व्यक्ति द्वारा लाउडस्पीकर को लेकर की जा रही शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना था कि यह शिकायतें वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा में अनावश्यक बाधा उत्पन्न कर रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, गांधीनगर क्षेत्र में पिछले 32 वर्षों से लगातार प्रभात फेरी और रामधुन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है और अब तक किसी भी वर्ग या समुदाय ने इस पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। इस परंपरा में सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ सहभागिता करते हैं।
नगरवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र निवासी राकेश पिता वालूराम दशोरा लगातार पुलिस को लाउडस्पीकर के संबंध में शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस की पहली समझाइश के बाद मंदिर के पुजारी ने लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी थी, फिर भी बार-बार शिकायतें दर्ज कर धार्मिक कार्य में बाधा डाली जा रही है, जिससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
आक्रोशित नगरवासियों ने जीरन थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रशासन से आग्रह किया कि गांधीनगरवासियों की सामूहिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए, वर्षों से चली आ रही प्रभात फेरी और रामधुन को सुचारू रूप से जारी रखने की अनुमति दी जाए।