मुरैना। जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बागचीनी थाना क्षेत्र के बागचीनी चौखट्टा अंतर्गत सेठबारी के पास अल्ट्रॉनियस स्कूल की बस और एक ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूल बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक मासूम बच्चे घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि अल्ट्रॉनियस स्कूल की बस गलैथा गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।