मनासा। नगर में लगातार चल रही शीतलहर के बावजूद सनातन परिवारों की आस्था कमजोर नहीं पड़ी। नारायण सेवा परिवार के सौजन्य से आयोजित 69वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष श्यामसुंदर माहेश्वरी, सचिव ओम रावत, संरक्षक अनिल सारड़ा, महिला अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला मूंगड़, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण सोनी, अतुल पलोड़, पंकज डाढ़, जगदीश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
यह सत्संग अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा विद्वान संत श्री चेतनराम जी की प्रेरणा से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।
भजनों से बंधा श्रद्धा का समां-
सत्संग के दौरान राजकुमार मारू ने “मेरे तन में भी राम, मेरे मन में भी राम” भजन प्रस्तुत कर भक्तिरस घोल दिया। वहीं सत्यनारायण सोनी ने “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे” भजन के माध्यम से प्रभु श्रीराम के आगमन की भावपूर्ण झांकी प्रस्तुत की।
कमल विजयवर्गीय ने प्रसिद्ध लावणी “श्री चारभुजा का नाथ जोड़ूं दोनों हाथ” प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर नृत्य करने पर विवश कर दिया। इसके अतिरिक्त गोपाल राठौर, विजय उपाध्याय एवं ओम सोनी ने भी मधुर भजनों की प्रस्तुति दी।
अगले पाठ में सपरिवार सहभागिता का आग्रह-
कार्यक्रम के अंत में सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया तथा आगामी सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ 20 जनवरी, मंगलवार को रात्रि 8 बजे श्री रामानुज कोट मंदिर में सपरिवार सहभागिता का आग्रह किया गया।