चित्तौड़गढ़। भारत की अग्रणी बिल्डिंग मटीरियल कंपनियों में शामिल न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने 31 दिसंबर को समाप्त वित्तवर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के अपने वित्तीय परिणाम घोषित किए। कंपनी ने इस अवधि में रणनीतिक क्षमता विस्तार की दिशा में मजबूत प्रगति दर्ज की है। साथ ही वडराज सीमेंट की सुविधाओं में चल रहा प्रोजेक्ट भी तय समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है। इसमें क्लिंकर यूनिट और ग्राइंडिंग यूनिट्स का संचालन वित्तवर्ष 2027 की तीसरी तिमाही से चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना है।
इन पहलों के माध्यम से न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़कर 35 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) हो जाएगी, जिससे कंपनी भारत की पांचवीं सबसे बड़ी सीमेंट समूह के रूप में अपनी स्थिति को और सुदृढ़ करेगी।
तिमाही की शुरुआत में कुछ छोटी-बड़ी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने वार्षिक आधार पर मजबूत प्रदर्शन बनाए रखा। वित्तवर्ष 26 की तीसरी तिमाही में कंपनी ने अब तक का सर्वाधिक तीसरी तिमाही का सीमेंट बिक्री वॉल्यूम 5 एमएमटी हासिल किया, जो सालाना आधार पर 7 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
ऑपरेशंस से कंपनी की कंसोलिडेटेड आय वित्तवर्ष 26 की तीसरी तिमाही में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 2,701 करोड़ रुपये रही। वहीं कंसोलिडेटेड एबिटिडा में सालाना आधार पर 50 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और यह 386 करोड़ रुपये रहा।
प्रीमियम उत्पादों की बिक्री ने भी मजबूत गति बनाए रखी। लगातार दूसरी तिमाही में प्रीमियमाइजेशन 44 प्रतिशत के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर बना रहा।
कंपनी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि लंबे मानसून और त्योहारी सीजन के कारण शुरुआती मैक्रोइकोनॉमिक चुनौतियों के चलते अक्टूबर और नवंबर में मांग प्रभावित रही, लेकिन दिसंबर में हेल्दी डबल-डिजिट ग्रोथ देखने को मिली, जो मजबूत रिकवरी का संकेत है।
उन्होंने कहा कि प्रीमियम उत्पादों और ऑपरेशनल एक्सीलेंस पर निरंतर फोकस के चलते कंपनी ने तीसरी तिमाही में अब तक का सर्वाधिक वॉल्यूम हासिल किया और एबिटिडा में 50 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की। इसके साथ ही कंपनी ने पिछले 17 तिमाहियों में सबसे कम ब्लेंडेड फ्यूल कॉस्ट 1.41 रुपये प्रति मैकल प्राप्त की।
उन्होंने बताया कि वडराज सीमेंट प्लांट में नवीनीकरण और विस्तार कार्य योजना के अनुरूप प्रगति पर है। प्रीमियम उत्पादों, लागत नियंत्रण और परिचालन दक्षता पर कंपनी का निरंतर फोकस दीर्घकाल में न्युवोको को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करेगा।