नीमच। आर्मी डे के पावन अवसर पर मनासा नाका स्थित शहीद पार्क देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद संगठन के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष ने कहा कि “वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम आज़ादी के साथ अपने त्योहार और राष्ट्रीय पर्व मना पा रहे हैं। देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता।”
उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर अग्रसर होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वेटरन्स सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के अध्यक्ष द्वारा सभी पूर्व सैनिक सदस्यों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान की इसी कड़ी में “मास्टर जी” फिल्म के निर्माता एवं पूर्व सैनिक राजेश सोलंकी तथा उनकी पूरी टीम का भी भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार ने कहा कि यह आयोजन सेना के वीर जवानों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है, साथ ही यह समाज में पूर्व सैनिकों के योगदान को स्मरण कराने वाला प्रेरणादायक संदेश भी देता है।