मनासा। मनासा तहसील क्षेत्र के महागढ़ विद्युत केंद्र से रात में बिजली मिलने और दिन में अनियमित आपूर्ति से परेशान किसानों ने गुरुवार रात सड़क पर हंगामा किया। किसानों का कहना है कि ठंडी रातों में खेतों में देर तक बोरवेल चलाकर सिंचाई करना पड़ता है, जिससे फसल को पाले और जंगली जानवरों से बचाना कठिन हो जाता है।
किसानों का आरोप है कि दिन में पर्याप्त बिजली न मिलने और सप्लाई अनियमित होने से उनकी मेहनत बेकार हो रही है। इस वजह से बीती गुरुवार रात करीब 10 बजे से 15 गांवों के सैकड़ों किसान महागढ़ ग्रिड के सामने इकट्ठा हुए और बिजली की मांग को लेकर हंगामा किया। उन्होंने दिन में 10 घंटे बिजली देने की मांग की।
घंटों चले हंगामे के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद किसानों ने हंगामा समाप्त किया। प्रदर्शन में नलखेड़ा, ढकनी, चुकाने, बनी बरथुन सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल थे।