नीमच। जिले की सरवानिया महाराज चौकी क्षेत्र अंतर्गत लासूर धामनिया गांव में एक मामूली सा मकान निर्माण विवाद देखते ही देखते खून-खराबे में तब्दील हो गया। परिवार के भीतर हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि चचेरे भाई मुकेश ने युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया।
फावड़े के हमले में घायल युवक की अस्पताल में मौत-
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम लासूर धामनिया निवासी पवन बारेट का अपने ही चचेरे भाई मुकेश पिता शंकरलाल से मकान निर्माण को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी मुकेश ने गुस्से में आकर पवन पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से गांव में फैला तनाव-
पवन की मौत की सूचना मिलते ही गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की पत्नी सुगना बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया को घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का कहना था कि एक छोटे से विवाद में परिवार के ही लोगों ने पवन की बेरहमी से हत्या कर दी।
कंट्रोल रूम के सामने शव रखकर किया चक्काजाम-
प्रशासन की प्रारंभिक समझाइश से संतुष्ट न होकर आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल से पवन का शव लेकर सीधे कंट्रोल रूम के सामने मुख्य मार्ग पर रख दिया और चक्काजाम कर दिया। इसके चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की कतार लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा-
चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान, तहसीलदार अजेंद्रनाथ प्रजापत और केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन-
परिजन और ग्रामीण आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद दोपहर करीब 1.40 बजे सीएसपी किरण चौहान ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद परिजनों ने धीरे-धीरे चक्काजाम समाप्त किया।
गांव में अब भी तनाव, पुलिस तैनात-
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।