मनासा। गांव मालखेड़ा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उमराव सिंह गुर्जर, बंशीलाल गुर्जर (पूर्व मंडी अध्यक्ष), चंपालाल गुर्जर (जिला अध्यक्ष, गुर्जर समाज नीमच), महेश गुर्जर नलवा एवं कवरलाल गुर्जर (डॉ.) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समस्त ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात विधिवत कथा समापन आरती संपन्न हुई एवं श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। कथा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला गुर्जर समाज अध्यक्ष चंपालाल गुर्जर ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में व्याप्त कुरीतियों में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे आयोजन संस्कार, सामाजिक एकता एवं समरसता को सुदृढ़ करते हैं, इसलिए ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।
कथा समापन के अवसर पर ग्राम मालखेड़ा भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त आयोजकों, श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।