नीमच। मकर संक्रांति के मेले के अवसर पर जनपद पंचायत मनासा के अंतर्गत अत्रि माता परिसर में कल शाम भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेला समिति की अध्यक्ष कावेरी बाई, उपाध्यक्ष मोहनलाल गुर्जर सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध गायक प्रीतम गुर्जर ने अत्रि माता के भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। भजनों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा और भक्तों ने भक्ति रस का आनंद लिया।
मेले के दौरान मनासा थाना पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस सतर्क रही। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा भी व्यवस्थाओं में सहयोग करते हुए मेले के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम एवं व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और संतोष का माहौल देखा गया।