चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में शनिवार को कृष्णपक्ष चतुर्दशी के अवसर पर मंदिर की भंडार दानपेटी खोली गई। भंडार से प्राप्त दानराशि की पहले चरण की गणना में कुल 10 करोड़ 25 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। भंडार खुलने और गणना प्रक्रिया को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं।
भंडार खोलने की प्रक्रिया मंदिर की परंपराओं के अनुसार राजभोग आरती के बाद संपन्न की गई। इस अवसर पर मंदिर मंडल के अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, मंदिर मंडल के सदस्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी की मौजूदगी में भंडार को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर गणना की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
गणना कार्य प्रशासनिक निगरानी में किया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन एवं मंदिर मंडल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रभा गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि यह गणना केवल पहले चरण की है। भंडार से प्राप्त शेष दानराशि की गिनती सोमवार, 19 जनवरी को दूसरे चरण में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने तथा बैंकों के अवकाश के कारण उस दिन गणना कार्य नहीं किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, नकद दान की गणना पूर्ण होने के बाद ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त दान, तथा भंडार से प्राप्त सोने-चांदी के आभूषणों एवं अन्य चढ़ावे की अलग-अलग तौल और गणना भी की जाएगी। वर्तमान समय में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऑनलाइन दान की सुविधा का उपयोग कर रहे हैं, इसलिए उसकी गणना को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।
पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।