खलघाट। रविवार सुबह अमावस्या के पावन अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर खलघाट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई और स्नान के पश्चात तट पर स्थित शिवालयों में विधिवत पूजा-अर्चना की। साथ ही उन्होंने मां नर्मदा की आरती कर घाट पर बैठे भिक्षुओं को दान-पुण्य किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री ने अपनी स्वयं की निधि से घाट पर निर्माणाधीन टिन शेड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि टिन शेड का निर्माण इसलिए कराया जा रहा है, ताकि यहां धार्मिक आयोजन सुचारू रूप से हो सकें और श्रद्धालुओं व संत-महात्माओं के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही यहां आमसभाओं के आयोजन में भी सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने दशहरा मैदान के सौंदर्यीकरण की घोषणा करते हुए पूरे मैदान को सीसी (कंक्रीट) करवाकर विकसित करने की बात कही, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधा मिल सके।