चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी एवं थाना सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 4 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं वृत्ताधिकारी बृजेश सिंह के निर्देशन में रात्रि गश्त के दौरान डीएसटी टीम इंचार्ज हैडकांस्टेबल प्रमोद कुमार एवं थाना सदर के एसआई प्रभु सिंह मय जाप्ता निम्बाहेड़ा रोड स्थित ओछड़ी पुलिया के नीचे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें डिटेन किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नरसिंह पिता बगदीराम डांगी (32 वर्ष) एवं श्यामलाल पिता प्रभुलाल प्रजापत (42 वर्ष), निवासी थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान नरसिंह के कब्जे से 2 किलो 52 ग्राम तथा श्यामलाल के कब्जे से 2 किलो 48 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों से अफीम तस्करी के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।

पुलिस टीम-
डीएसटी- हैडकांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, रतन सिंह, अजय, बलराम
थाना सदर चित्तौड़गढ़- एसआई प्रभु सिंह, हैडकांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल डूंगर सिंह, बलवंत सिंह, विनोद कुमार
