मंदसौर। पुलिस थाना गरोठ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग महिला से हुई लूट की घटना का चंद घंटों में खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की बालियां एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुनील एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना का विवरण-
दिनांक 17 जनवरी 2026 को फरियादिया मोहनबाई पति रामप्रसाद, उम्र 62 वर्ष, निवासी ग्राम फूलखेड़ा, थाना गरोठ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह गांव स्थित खेत के कुएं पर काम कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात व्यक्तियों में से एक ने पानी मांगने के बहाने उसे बातों में उलझाया और अचानक धक्का देकर नीचे गिरा दिया। आरोपियों ने उसके दोनों कानों से सोने की बालियां खींच लीं, जिससे महिला घायल हो गई। शोर मचाने पर आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

इस पर थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी गई तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी-
- श्यामनाथ पिता मन्नानाथ, उम्र 35 वर्ष, जाति नाथ कालबेलिया, निवासी ग्राम सेमली दिवान, थाना गरोठ, जिला मंदसौर
- राजेंद्र उईके पिता कथकु उईके, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम धनोरा, जिला सिवनी

जब्त सामग्री-
पुरानी इस्तेमाल की सोने की बालियां लगभग 10 ग्राम, अनुमानित कीमत 1,20,000
घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (लाल पट्टी), कीमत लगभग 50,000
पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ एवं विवेचना जारी है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
