मुंबई/जयपुर। मीणा जनजाति के गौरवशाली इतिहास पर आधारित हिंदी फिल्म ‘स्वाभिमान दा ऑक्सीजन’ 17 अप्रैल 2026 को रिलीज होने जा रही है। खास बात यह है कि इसी दिन सलमान खान की बहुचर्चित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिससे बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना है।
सलमान खान की फिल्म का बजट लगभग 200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जो बादल झरवाल की फिल्म के बजट से कई गुना अधिक है। इसके बावजूद फिल्म ‘स्वाभिमान दा ऑक्सीजन’ अपनी सशक्त कहानी, प्रभावशाली गीत-संगीत और कलाकारों के दमदार अभिनय के बल पर बड़ी फिल्म को कड़ी चुनौती देने का दावा कर रही है।
जहां ‘बैटल ऑफ गलवान’ का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है और उसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, वहीं ‘स्वाभिमान दा ऑक्सीजन’ का आधिकारिक ट्रेलर 1 फरवरी को रिलीज किया जाएगा। फिल्म मीणा जनजाति के इतिहास पर आधारित होने के कारण यथार्थ के काफी करीब बताई जा रही है।
फिल्म में बादल झरवाल ने मुख्य अभिनेता के रूप में चार अलग-अलग किरदार निभाए हैं, जो उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में से एक मानी जा रही है। प्रत्येक किरदार की भूमिका और प्रस्तुति एक-दूसरे से बिल्कुल भिन्न है। मुख्य अभिनेत्री के रूप में निष्ठा डागूर नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में राखी शुक्ला और बादल झरवाल के बीच बॉलीवुड का अब तक का सबसे लंबा सीन एक ही टेक में शूट किया गया है।
फिल्म की पूरी शूटिंग राजस्थान की खूबसूरत लोकेशनों पर की गई है, जिसके चलते वीएफएक्स का उपयोग सीमित रखा गया है। फिल्म का गीत-संगीत कहानी के अनुरूप जोशीला और प्रभावशाली है, वहीं संवादों को संवेदनशील और भावनात्मक रखा गया है।
फिल्म निर्माताओं और कलाकारों का दावा है कि इन सभी विशेषताओं के कारण ‘स्वाभिमान दा ऑक्सीजन’ दर्शकों को एक अलग और यादगार अनुभव देगी।