नीमच। शहर के महू रोड स्थित माधोपुरी बालाजी मंदिर के पीछे बगीचा नंबर-21 क्षेत्र की पुश्तैनी भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। धाकड़ परिवार ने आरोप लगाया है कि संजय गोहर, निवासी विनोबागंज, उनकी वैध निजी भूमि को शासकीय बताकर प्रशासन को गुमराह कर रहा है।

परिवार का कहना है कि उक्त भूमि की रजिस्ट्री वर्ष 1968 से शासकीय अभिलेखों में दर्ज है तथा नगर पालिका को नियमित रूप से संपत्तिकर भी जमा किया जा रहा है। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति द्वारा भूमि पर अवैध मिट्टी भराव कर, काल्पनिक धार्मिक स्थल का हवाला देते हुए कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही जनसुनवाई में बार-बार झूठी शिकायतें कर परिवार को परेशान किया जा रहा है।

आवेदकों के अनुसार आरोपी द्वारा क्षेत्र में विवाद का माहौल बनाया जा रहा है, जिससे परिवार की महिलाएं और बच्चे भयभीत हैं। वहीं तथाकथित धार्मिक स्थल को लेकर असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं।

धाकड़ परिवार ने कलेक्टर एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि भूमि से संबंधित सभी वैध दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं, जिन्हें पूर्व में नगरपालिका अमले के समक्ष भी प्रस्तुत किया जा चुका है। प्रशासन से आग्रह किया गया है कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर निर्दाेष परिवार को परेशान होने से बचाया जाए।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में इसी भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर नगरपालिका द्वारा कार्रवाई भी की गई थी।
