देवास। बीएनपी थाना क्षेत्र अंतर्गत राधागंज इलाके में मंदिर जा रही एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश महिला के गले से सोने की चेन और पेंडल झपटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय शर्मा, बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों बदमाश कैद हुए हैं।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह मंदिर की ओर जा रही थी, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और अचानक गले पर झपट्टा मार दिया। झटके से उसके हाथ से पानी का लोटा भी गिर गया और बदमाश चेन-पेंडल लेकर फरार हो गए।
महिला ने यह भी बताया कि भागते समय एक बदमाश की चप्पल घटनास्थल पर ही छूट गई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टीम गठित कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।