नीमच। इनर व्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विभा सिंह की आधिकारिक यात्रा को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया गया। इस दौरान शहर और ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई सेवा प्रकल्पों का क्रियान्वयन किया गया। सिंह ने क्लब की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे “पीड़ित मानवता का सेवा केंद्र” बताया।
यात्रा की शुरुआत रोटरी डायमंड पार्क में पौधारोपण और स्वागत से हुई। इसके बाद ग्राम खड़ावदा के प्राथमिक विद्यालय में हैंडवॉश यूनिट का लोकार्पण किया गया। यहां विद्यार्थियों को स्कूल जूते, 7 साइकिल, टीवी, म्यूजिक सिस्टम और बैठने के लिए दरी-टाटपट्टी प्रदान की गई। कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांकदृ2 को ‘हैप्पी स्कूल’ घोषित कर छात्राओं को जूते वितरित किए गए।
शाम को होटल राज पैलेस में आयोजित समारोह में मां सरस्वती एवं संस्थापक ओलिवर गोल्डिंग के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में क्लब की हिस्ट्री बुक और ई-बुलेटिन का विमोचन हुआ। इस अवसर पर 10 नए सदस्यों का स्वागत किया गया। समाजसेवा में योगदान देने वाले दानदाताओं का सम्मान किया गया। गोमाबाई अस्पताल को दो व्हीलचेयर और एक महिला को स्वावलंबन के लिए सिलाई मशीन भेंट की गई।
डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विभा सिंह ने क्लब की पारदर्शी कार्यप्रणाली और शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पूजा गर्ग, सचिव पायल गुर्जर, कोषाध्यक्ष दिव्या जैन सहित रोटरी व विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन संगीता जारौली ने किया।