शाजापुर। जिले के शुजालपुर में एक यात्री बस में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपनी मां, चाची और मामा के साथ थाने पहुंचकर बस कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया कि यह घटना 19 जनवरी की सुबह करीब 9ः30 बजे हुई। वह पचोर से पुरोहित बस में सवार होकर शुजालपुर के पास अपने मामा के गांव जा रही थी। बस में भीड़ अधिक होने के कारण वह खड़ी थी। आरोप है कि बस कंडक्टर उसे बार-बार आपत्तिजनक तरीके से छू रहा था। बस शुजालपुर कॉलेज चौराहे पर रुकी। सवारियां उतरने के बाद कंडक्टर फिर छात्रा के पास आया और आपत्तिजनक हरकत की। छात्रा के चिल्लाने पर वह पीछे हट गया। छात्रा डरकर बस से जेठड़ा जोड़ पहुंची और अपने मामा को पूरी घटना बताई। परिजनों ने मौके पर ही कंडक्टर को बस से उतारा और पूछताछ की। कंडक्टर ने अपना नाम पीर खां, पिता अब्दुल खां, निवासी आवास कॉलोनी जीरापुर, जिला राजगढ़ बताया। इसके बाद परिजन उसे थाने ले गए और शिकायत दर्ज कराई।
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। आक्रोशित भीड़ ने बस कंडक्टर की पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।