सरवानिया महाराज। शहर के रामदेव मंदिर परिसर में बाबा रामदेव मंदिर समिति द्वारा लोकदेवता बाबा रामदेव की भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली, नगर परिषद अध्यक्ष रूपेंद्र सिंह जैन, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष घीसालाल मकवाना, समाजसेवी राजू भट्ट एवं अर्जुन पाल द्वारा बाबा रामदेव की पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति द्वारा अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
समिति ने भजन गायक दिनेश राठौर एवं म्यूजिकल टीम के हेमंत भाई और पुष्कर भाई का भी स्वागत कर आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। भजन संध्या की शुरुआत गणपति वंदना से हुई। इसके बाद “ऐ हाथ जोड़ने अर्ज करूं, आयो थारो बाड़णे, सुन ले सांवरा३” जैसे लोकप्रिय भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
भजन गायक दिनेश राठौर ने “बजरंग बली को सुमिरे, संकट में रक्षा करें हनुमान”, “झुले झुले रुणीजा में”, “सरवानिया री नगरी में बैठ्यो बाबो रुणीजा वारो रे” सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में भक्त रामसापीर की भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मंदिर समिति के सदस्य एवं नगरवासी उपस्थित रहे।