नीमच। नीमच से सटे ग्राम कनावटी में खेलकूद मैदान के अभाव को लेकर ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए समस्या से प्रशासन को अवगत कराया है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम की आबादी 5 हजार से अधिक हो चुकी है तथा यहां 4 से 5 शासकीय एवं निजी विद्यालय संचालित हैं, इसके बावजूद बच्चों और युवाओं के लिए कोई भी समुचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन मैदानों पर पूर्व में खिलाड़ी नियमित अभ्यास किया करते थे, वहां समय के साथ अतिक्रमण हो गया है, जिससे खेल गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। वर्तमान स्थिति में खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए गांव से बाहर दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ रहा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम में दो पुराने खेल मैदान शासकीय भूमि पर स्थित हैं, जो वर्तमान में अतिक्रमण की चपेट में हैं। पहला मैदान कर्मचारी कॉलोनी एवं जिला जेल परिसर के समीप लगभग 10 से 12 बीघा शासकीय भूमि पर स्थित है, जबकि दूसरा मैदान भी पूर्णतः शासकीय भूमि का है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोनों मैदानों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें पुनः खेलकूद गतिविधियों हेतु सुरक्षित एवं आवंटित करने की मांग की है।