नीमच। विश्व हिंदू परिषद की त्रिदिवसीय महत्वपूर्ण प्रांतीय बैठक का शुभारंभ देपालपुर (इंदौर) में हुआ। इस संबंध में नीमच विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा हिंदू समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार–मंथन हेतु त्रिदिवसीय प्रांतीय बैठक का शुभारंभ देपालपुर, इंदौर स्थित अवंतिका रिसॉर्ट में किया गया। बैठक का उद्घाटन संत सुमनानंद जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के अखिल भारतीय सह संगठन महामंत्री विनायकराव देशपांडे और भोपाल क्षेत्र के पालक अजय पारिख की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में संतों एवं अधिकारियों का परिचय विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला ने कराया। मालवा प्रांत के 29 जिलों से 200 से अधिक चयनित पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हुए। बैठक में केवल अपेक्षित एवं आमंत्रित पदाधिकारी ही उपस्थित रहे, जिससे विषयों पर गंभीर, सार्थक एवं परिणामोन्मुख चर्चा संभव हुई।
बैठक के दौरान हिंदू समाज की वर्तमान चुनौतियाँ, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण, युवाओं की भूमिका तथा संगठन के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। साथ ही आगामी छह महीनों की कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने की रणनीति भी तय की गई।
इसी क्रम में मन्दसौर विभाग में आगामी कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिनमें प्रमुख हैं-
1 फरवरी से 15 फरवरी: धर्मरक्षा निधि अभियान
9 मार्च से 15 मार्च: विशाल संत समरसता यात्रा (विभाग के 17 प्रखंडों में)
19 मार्च से 2 अप्रैल: रामोत्सव, वर्ष प्रतिपदा, हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम
इसके साथ ही 13 अप्रैल को केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार का मन्दसौर विभाग में प्रवास तय हुआ है। इसके उपलक्ष्य में मन्दसौर विभाग केंद्र पर मंदिर अर्चक–पुरोहित सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी प्रखंडों से मंदिर अर्चक और पुरोहित सम्मिलित होंगे। इसके बाद दो सत्रों की विभागीय बैठक होगी, जिसमें माननीय केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार जी का सान्निध्य प्राप्त होगा।