सरवानियां महाराज। शहर के रामदेव मंदिर पर माघ बीज के अवसर पर मंगलवार को भक्तों का तांता लगा रहा। बाबा रामदेव मंदिर समिति द्वारा माघ बीज के उपलक्ष्य में जंहा सोमवार रात्रि में भजन संध्या आयोजित की गई वहीं मंगलवार को सांयकाल शहर के प्रसिद्ध खाकर देव मंदिर से बैण्ड बाजों के साथ ध्वज निशान यात्रा निकली। ध्वज निशान के साथ साथ रामदेव का शस्त्र भाला और बाबा रामदेव को लाल चुनरी भी चढ़ाई गई। निशान ध्वज यात्रा में श्रृद्धालु हाथों में ध्वज निशान भाला तथा चुनरी लेकर चलते बहुत उत्साहित और खुश नजर आए। यात्रा में रामदेव के भजनों पर श्रद्धालु झूमते थिरकते प्रमुख मार्गों से होकर जावी रोड़ स्थित बाबा रामदेव मंदिर पहुंचे।
आरती कर प्रसाद वितरण ध्वज निशान फहराया-
बाबा रामदेव मंदिर पर ध्वज निशान चढ़ाकर भाला स्थापित किया गया। इस दौरान समिति सदस्यों ने बाबा रामदेव जी को चुनर ओढ़ाकर आरती की। आरती के बाद सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव के दर्शन कर धर्म लाभ लिया। इस दौरान समिति के कानसिंह राणावत, कारुलाल खाती, प्रकाश खाती पामणा, चेतन दास, शंभूदास, रोशन जाटव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।