मनासा। उचेड गांव स्थित श्री कृष्ण केसरियानाथ गौसेवा जीवदया संस्थान गौशाला में नवीन घास गोदाम के निर्माण को लेकर शुभ मुहूर्त में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वर्तमान में गौशाला में लगभग 180 गोवंश का पालन किया जा रहा है।
गौशाला समिति द्वारा निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। पूर्व में घास-चारा परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद समिति ने महसूस किया कि गौशाला में घास भंडारण हेतु गोदाम की आवश्यकता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए दानदाताओं के सहयोग से 75×35 फीट आकार के नवीन घास गोदाम के निर्माण का निर्णय लिया गया, जिसका भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह घास गोदाम शीघ्र ही बनकर तैयार हो जाएगा।
ग्रामीणजनों एवं आसपास के क्षेत्र के दानदाताओं के सहयोग से गौशाला का विकास निरंतर जारी है। भूमि पूजन कार्यक्रम में गौशाला समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह सोनगरा, सरपंच प्रतिनिधि राजमल नागदा, गौ रक्षा दल नीमच जिला अध्यक्ष अंकित जोशी, गौशाला समिति सदस्य रोशन सुधार, कारु लाल पाटीदार, राधेश्याम नागदा, गोभक्त शुभम कुमावत, गौशाला के गऊ पालक बबलू गुर्जर, सुंदरलाल, गोविंद सहित बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में गौशाला समिति द्वारा सभी दानदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।