मंदसौर। विश्व प्रसिद्ध अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के गर्भगृह में स्थित दानपेटी बुधवार को खोली गई। पहले दिन की गिनती में दानपेटी से 19 लाख 72 हजार 50 रुपये से अधिक की नकद राशि प्राप्त हुई है। नोटों की गणना का कार्य बुधवार और गुरुवार, दो दिनों तक चलेगा। इस बार दानपेटी से भारतीय मुद्रा के साथ-साथ विदेशी करेंसी, चांदी के आभूषण और सोना भी प्राप्त हुआ है।

दानपेटी में अमेरिका (यूएसए), नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक-एक नोट भी मिले हैं। इससे स्पष्ट है कि भगवान पशुपतिनाथ की ख्याति देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैली हुई है और बड़ी संख्या में विदेशी श्रद्धालु भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, नकद राशि के अलावा प्राप्त चांदी के आभूषण और सोने की भी विधिवत जांच व गणना की जा रही है। संपूर्ण प्रक्रिया मंदिर समिति की निगरानी में की जा रही है। गिनती पूर्ण होने के बाद समस्त राशि जिला सहकारी बैंक में जमा कराई जाएगी।

मंदिर प्रबंधन के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में अब तक छह बार दानपेटी खोली जा चुकी है, जिसमें कुल 1 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक का दान प्राप्त हुआ है। माहवार दान इस प्रकार रहाकृफरवरी में 22 लाख 79 हजार रुपये, अप्रैल में 26 लाख 14 हजार रुपये, जून में 31 लाख 48 हजार रुपये, अगस्त में 32 लाख 70 हजार रुपये, सितंबर में 22 लाख 40 हजार रुपये तथा नवंबर में 22 लाख 81 हजार 120 रुपये। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ दान राशि में भी निरंतर वृद्धि देखी जा रही है।
