चित्तौड़गढ़। श्री कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान के तत्वावधान में प्रतिवर्ष बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के क्रम में इस वर्ष भी कल्याणनगरी स्थित श्री कल्लाजी वेदपीठ परिसर (दशम सोपान) पर सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
यह धार्मिक आयोजन माघ शुक्ल बसंत पंचमी, शुक्रवार 23 जनवरी से प्रारंभ होकर माघ शुक्ल एकादशी, गुरुवार 29 जनवरी तक आयोजित होगा। कथा वाचन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक श्री कल्लाजी मंदिर परिसर में होगा। कथा वाचक गौवर्धन पीठाधीश्वर पं. विकास नागदा द्वारा संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा के सातों दिनों में विभिन्न पावन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
23 जनवरी (प्रथम दिवस) को श्रीमद्भागवत महात्म्य एवं मंगलाचरण, 24 जनवरी (द्वितीय दिवस) को कुंती स्तुति एवं कपिल उपाख्यान, 25 जनवरी (तृतीय दिवस) को सती चरित्र, जड़भरत कथा एवं ध्रुव चरित्र, 26 जनवरी (चतुर्थ दिवस) को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन होगा। 27 जनवरी (पंचम दिवस) को श्री बालकृष्ण लीला एवं गोवर्धन पूजा, 28 जनवरी (षष्ठम दिवस) को महारास लीला एवं रुक्मिणी मंगल का सुंदर वर्णन किया जाएगा। 29 जनवरी (सप्तम एवं विश्राम दिवस) को परीक्षित मोक्ष एवं फागोत्सव के साथ कथा की पूर्णाहुति की जाएगी।
आयोजन को लेकर श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास एवं श्री कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान, कल्याणनगरी (निंबाहेड़ा) ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।