गरोठ। गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम रूपरा के समीप बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गरोठ-भानपुरा मार्ग पर पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार युवक गरोठ से भानपुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भानपुरा से गरोठ की ओर आ रही पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी-30-जी-0812) से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार करण सिंह पिता मेघा जी, निवासी मोतीपुरा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तत्काल उपचार के लिए गरोठ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मर्ग कायम करने की प्रक्रिया जारी थी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।