नीमच। बीती कल शिवघाट के आगे रेलवे लाइन पर एक गाय ट्रेन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना एक रेलवे कर्मचारी ने गऊसेवक मितेश अहीर को दी। सूचना मिलते ही गऊ सेवा दल की टीम गौ एम्बुलेंस लेकर तुरंत मौके पर पहुंची।
गौसेवकों ने घायल गाय का प्राथमिक उपचार किया और कड़ी मशक्कत के बाद उसे दोनों पटरियों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। गाय को साइड में लाकर गौ एम्बुलेंस में शिफ्ट किया गया और उपचार शाला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गाय के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।
इस सराहनीय कार्य में गऊसेवक मितेश अहीर के साथ पार्थ जोशी, अंचल माली, राहुल रालोत, लक्ष्मी नारायण ठाकुर और अन्य राहगीरों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। गऊ सेवा दल की तत्परता और मानवीय संवेदना से एक बेजुबान की जान बचाई जा सकी।