कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद तहसील अंतर्गत ग्राम चिचलाय में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर श्री खेड़ापति भन्नाटिया हनुमान मंदिर, चिचलाय में भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत भजन-कीर्तन एवं अन्य धार्मिक आयोजन हुए, वहीं जन सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर परिसर में वर्षों से भंडारे की परंपरा चली आ रही है, जिसे ग्रामीण मिल-जुलकर निभाते आ रहे हैं।
गौरतलब है कि ग्राम चिचलाय में ऋषि जमदग्नि की प्राचीन गुफा भी स्थित है, जिसके कारण यह क्षेत्र धार्मिक मान्यताओं और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। गांव की पहचान दूर-दूर तक धार्मिक स्थल के रूप में प्रसिद्ध है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में यह आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।