शाजापुर। जिले की काला पीपल तहसील के ग्राम भैंसाया में राड़ी वाले बाबा की कृपा से आयोजित भगवान देवनारायण कथा का पांचवां दिन अत्यंत भव्य और भावपूर्ण रहा। कथा के दौरान ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बना कि बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पांचवें दिन की कथा में भगवान देवनारायण के जीवन से जुड़े ऐसे प्रसंगों का वर्णन किया गया, जो समाज में नैतिक मूल्यों और पारिवारिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का संदेश देते हैं। विशेष रूप से मामा-भांजे के स्नेह और सम्मान की परंपरा का सुंदर वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावुक हो गए।
दुपाड़िया (राजगढ़) से पधारे कथावाचक पंडित हरिओम महाराज के मुखारबिंद से कथा का रसपान कर भैंसाया सहित आसपास के ग्रामीणों ने आध्यात्मिक आनंद और ज्ञान प्राप्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि राड़ी वाले बाबा के आशीर्वाद से हर वर्ष यहां धार्मिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक ऐसा भव्य आयोजन होता है, जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लोग सहभागी बनते हैं और भगवान के दर्शन-लाभ प्राप्त करते हैं।