चित्तौड़गढ़। जिले के महाराज की नेतावल के समीप पाचली ग्राम की मगरी पर स्थित प्राचीन श्री नाकोड़ा देवनारायण जी देवस्थल पर वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार 23 जनवरी को रात्रि जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
भोपाजी हेमराज गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि देवस्थल पर शनिवार 24 जनवरी को प्रातः विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं अन्य आयोजन संपन्न होंगे।
जिला मुख्यालय से लगभग 28 किलोमीटर दूर नेतावल के निकटवर्ती पाचली स्थित इस प्राचीन एवं चमत्कारिक श्री नाकोड़ा देवनारायण जी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से सहभागी बनने की अपील नवयुवक मंडल के रतनलाल गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारियों ने की है।
उल्लेखनीय है कि श्री नाकोड़ा देवनारायण जी देवस्थल पर आधा तेल एवं आधा पानी से अखंड ज्योत निरंतर प्रज्वलित रहती है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का विशेष केंद्र है। यह अति प्राचीन एवं चमत्कारिक धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां वर्षभर बड़ी संख्या में भक्तों का आवागमन रहता है। जनश्रुति के अनुसार यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना से श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।