नीमच। बीती रात नीमच के समीप भरभड़िया क्षेत्र में ट्राले से हुए भीषण सड़क हादसे में सरवानिया महाराज निवासी दो युवकों की मौत के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुरुवार को मृतकों के परिजन एवं ग्रामीण जिला अस्पताल परिसर में सरकार व प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

परिजनों ने बताया कि हादसे में मृतक गोविंद पिता रामचंद्र रेगर एवं भूपेंद्र सिंह उर्फ सोनू पिता भंवर सिंह राजपूत अत्यंत गरीब परिवार से थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। दोनों की असामयिक मृत्यु के बाद परिवार में अब कोई भी कमाने वाला सदस्य शेष नहीं रहा है। परिजनों का कहना है कि आर्थिक स्थिति इतनी दयनीय है कि आने वाले दिनों में परिवार के सामने भोजन तक की समस्या खड़ी हो सकती है।

परिजनों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक शासन एवं प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता एवं सहयोग की घोषणा नहीं की जाती, तब तक वे पोस्टमार्टम के पश्चात दोनों मृतकों के शव लेने के लिए तैयार नहीं हैं और धरना जारी रहेगा।

धरने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निलेश अवस्थी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
