मनासा। बच्चों एवं महिलाओं के साथ होने वाली लैंगिक हिंसा की रोकथाम तथा बाल अधिकारों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जन साहस संस्था द्वारा एसबीआई फाउंडेशन एवं एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के सहयोग से शासकीय हाई स्कूल लोडकिया में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा बच्चों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, मानसिक स्वास्थ्य, बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल लैंगिक शोषण की रोकथाम सहित चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ सरल भाषा में दी गईं।
इस अवसर पर संस्था द्वारा उपस्थित बच्चों एवं विद्यालय स्टाफ को बाल विवाह की रोकथाम व बाल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी बच्चों व स्टाफ को शिक्षण सामग्री एवं बिस्किट वितरित किए गए। विद्यालय प्रबंधन को खेल सामग्री के रूप में बैडमिंटन किट भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से प्राचार्य हसन अली सैयद, जन साहस संस्था से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शलभ जोशी, कोऑर्डिनेटर विनोद कांबले, जिला समन्वयक जितेन्द्र कुमार सुनार्तिया, सदस्य समीर मंसूरी, अनिता दुर्गज सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समीर मंसूरी ने किया तथा अंत में अनिता दुर्गज ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।