नीमच। अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के पावन अवसर पर गुरुवार को नीमच सिटी में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर श्री शिवशक्ति व्यायाम शाला, माहेश्वरी मोहल्ला स्थित शिवशक्ति मठ के तत्वावधान में भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
चल समारोह का शुभारंभ शिवशक्ति मठ परिसर से हुआ। इससे पूर्व नगर में स्थापित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमाओं पर विधिवत माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात शिवशक्ति मठ परिसर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत अखाड़ा प्रदर्शन के साथ चल समारोह प्रारंभ हुआ। यह चल समारोह नीमच सिटी के प्रमुख मार्गों से होकर नगर भ्रमण पर निकला। सबसे आगे डीजे पर गूंजते श्रीराम भक्ति भजनों ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया। युवा श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते-थिरकते नजर आए।
अखाड़े के पहलवानों द्वारा प्रस्तुत रोमांचक करतबों, लेझिम पार्टी एवं ढोल पार्टी की गूंज ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। चल समारोह में सम्मिलित विभिन्न धार्मिक झांकियां भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं सनातन संस्कृति के गौरवशाली संदेश को प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर रही थीं।
नगरवासियों ने मार्ग में स्थान-स्थान पर पुष्पवर्षा कर चल समारोह का भव्य स्वागत किया। श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ पर आयोजित यह भव्य चल समारोह नीमच सिटी के लिए एक स्मरणीय एवं ऐतिहासिक आयोजन बन गया।