देवरी खवासा। ग्राम देवरी खवासा में प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। अब गांव में इसके प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए शनिवार के अतिरिक्त भी ग्रामीण अपने-अपने निजी निवास पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन करवा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में धार्मिक वातावरण और अधिक सशक्त होता जा रहा है।
इस धार्मिक पहल में गांव के नवयुवकों की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही है। नवयुवकों द्वारा किए गए इस प्रयास से सुंदरकांड पाठ की एक सुव्यवस्थित रूपरेखा तैयार हुई है, जो निरंतर विस्तार ले रही है। युवाओं की सक्रिय सहभागिता से गांव में भक्ति, संस्कार और आपसी सौहार्द का वातावरण निर्मित हो रहा है।
गांव में दिखाई दे रहे अनुशासन और धार्मिक उत्साह को देखते हुए आसपास के गांवों में भी इन नवयुवकों के प्रयासों की सराहना की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सुंदरकांड पाठ से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है और सामाजिक एकता को नई मजबूती मिली है। धार्मिक आस्था और युवा ऊर्जा के इस सुंदर संगम से देवरी खवासा क्षेत्र में सुंदरकांड पाठ एक प्रेरणादायक उदाहरण बनता जा रहा है।