नीमच। श्री मंशापूर्ण महादेव एवं रंजीत हनुमान मंदिर परिसर, इंदिरा नगर में 22 से 26 जनवरी 2026 तक श्रीराम मंदिर अयोध्या प्राण-प्रतिष्ठा द्वितीय वर्ष महोत्सव एवं नानीबाई के मायरा का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार 22 जनवरी को प्रातः 7 बजे भव्य प्रभात फेरी से होगा। प्रभात फेरी श्री मंशापूर्ण महादेव एवं रंजीत हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर इंदिरा नगर के विभिन्न मार्गों से निकाली जाएगी। शुक्रवार 23 जनवरी को सायं 6 बजे से संकीर्तन एवं नानीबाई के मायरा का आमंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पीले चावल के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
शनिवार 24 जनवरी को प्रथम दिवस के अंतर्गत प्रातः 11 बजे कलश यात्रा एवं नटवरजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सायं 7 बजे से नानीबाई मेहता की जन्मकथा एवं भोलेनाथ की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। रविवार 25 जनवरी को द्वितीय दिवस पर नानीबाई मेहता की भक्ति कथा के साथ राधा-कृष्ण महारास का आयोजन किया जाएगा।
सोमवार 26 जनवरी को तृतीय एवं अंतिम दिवस दोपहर 2 बजे से नानीबाई के मायरा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, वहीं सायं 7 बजे से नानीबाई का मायरा (भात) कथा का आयोजन होगा। इस पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन में कथा वाचन प्रसिद्ध कथावाचक विनोद भैरया (राठौर) द्वारा किया जाएगा। सभी कार्यक्रम प्रतिदिन श्री मंशापूर्ण महादेव एवं रंजीत हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित होंगे। आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। सभी कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण रामधुन नीमच यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।