नीमच। नीमच जिले की उभरती हुई संगीत संस्था मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप द्वारा बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को डीजे कोचिंग सेंटर में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से सरस्वती पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरु वचन नरवले, श्रीपाल मानव एवं राजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में ग्रुप एडमिन खजानसिंह पवार एवं मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप के सभी सदस्यों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर मां सरस्वती को पीले रंग की मिठाई का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात “करुणामई वरदायिनी मां सरस्वती” एवं “उमा सरस्वती स्तुति” का भावपूर्ण गायन कर मां शारदे की आरती की गई। ग्रुप के सदस्यों ने मां सरस्वती एवं वरिष्ठ अतिथियों को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ज्ञान, कला और संगीत के क्षेत्र में निरंतर साधना का संदेश दिया तथा मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप के सदस्यों को प्रेरणादायी आशीर्वचन प्रदान किए।
ग्रुप एडमिन खजानसिंह पवार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुसाफिर म्यूजिकल ग्रुप पिछले पांच वर्षों से निरंतर नॉन-प्रोफेशनल कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से संगीत संध्या कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इस मंच के माध्यम से जिले के अनेक नवोदित कलाकारों की प्रतिभा निखरी है और उन्हें पहचान मिली है। वर्तमान में यह ग्रुप नीमच जिले में अपनी एक अलग पहचान बना चुका है, जिसे शहर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों का सहयोग प्राप्त होता रहता है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप एडमिन खजानसिंह पवार ने जिलेवासियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए सभी के जीवन में ज्ञान, कला और संगीत का प्रकाश फैलने की कामना की।