चित्तौड़गढ़। प्रताप नगर स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र पर राष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केंद्र की संचालिका राजयोगिनी आशा दीदी ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया।
आशा दीदी ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ राजयोग और ध्यान (मेडिटेशन) भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे मानसिक मजबूती, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं शिक्षा के माध्यम से न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और देश का भी नाम रोशन कर रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बालिकाओं के शिक्षित होने से समाज, परिवार और राष्ट्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होते हैं। साथ ही उन्होंने बालिकाओं को अपने जीवन को श्रेष्ठ और आदर्श बनाने के लिए नियमों एवं मर्यादाओं का पालन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को आत्मबल, चरित्र निर्माण एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों पर आधारित मार्गदर्शन दिया गया। उपस्थित सभी बालिकाओं ने प्रेरणादायक विचारों से लाभान्वित होकर अपने जीवन में आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया।