नीमच। गोमाबाई रोड स्थित सीएसवी अग्रोहा भवन में आयोजित दो दिवसीय दहलीज एग्जीबिशन इन दिनों महिलाओं के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गुजरात, पंजाब और राजस्थान के बाद यह प्रतिष्ठित एग्जीबिशन पहली बार मध्यप्रदेश के नीमच शहर में आयोजित की गई है, जिसे लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
एग्जीबिशन में महिलाओं की जरूरतों और रुचियों को ध्यान में रखते हुए विविध एवं आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां परिधान सामग्री, कपड़े, ड्रेसेस, बुटीक आइटम्स, सलवार-सूट, बेडशीट्स, पर्स, हैंडमेड उत्पाद, ऑर्गेनिक फूड, साज-सज्जा सामग्री के साथ-साथ विशेष रूप से चांदी की ज्वेलरी के स्टॉल महिलाओं को खूब आकर्षित कर रहे हैं।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा सहित शहर की अनेक गणमान्य एवं संभ्रांत महिलाएं उपस्थित रहीं। उन्होंने दहलीज एग्जीबिशन की सराहना करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
दहलीज एग्जीबिशन की खास विशेषता यह है कि यहां जरूरतमंद महिला एवं पुरुष उद्यमियों को बहुत ही रियायती दरों पर व्यापार के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी उत्पाद उचित मूल्य और उच्च गुणवत्ता के साथ उपलब्ध हैं। विशेष रूप से महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सूरत, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, जयपुर सहित देश के विभिन्न बड़े शहरों से आए होलसेलर और मैन्युफैक्चरर्स द्वारा लगाए गए स्टॉल भी लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि यह दहलीज एग्जीबिशन 24 और 25 जनवरी तक आयोजित की जा रही है।