भगवानपुरा। भगवानपुरा आदिवासी समाज में देजा परंपरा निभाने जा रहे रिश्तेदारों से भरा पिकअप वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया। हादसे में लगभग 16 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह दुर्घटना भगवानपुरा थाना क्षेत्र के खापरजामली में हुई, जहाँ वाहन में करीब 30 रिश्तेदार सवार थे। हादसे के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस और चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है, जबकि एक घायल को गंभीर चोटें आई हैं।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए हैं और सभी का उपचार जारी है। घायल लोग गोपालपुरा टेमरनी के निवासी बताए जा रहे हैं और आपस में रिश्तेदार हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्राम के भय्यू (पिता रेलसिंग) के विवाह के बाद देजा रस्म निभाने के लिए पिकअप में सवार होकर सिरवेल स्थित भय्यू के ससुराल जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना घटित हो गई। सभी घायलों का उपचार जारी, पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू की है।