चित्तौड़गढ़। श्री गणेश विद्या मंदिर, निंबाहेड़ा में बसंत पंचमी का पावन पर्व हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीईओ अरविन्द मुन्दड़ा ने की, जबकि एएसआई सूरज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एएसआई सूरज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बसंत पंचमी प्रकृति और संस्कृति के सुंदर संगम का पर्व है, जो ऋतुराज बसंत के आगमन का प्रतीक है। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने मजबूत पासवर्ड रखने, अनजान लिंक से बचने, नियमित सॉफ्टवेयर अपडेट करने और मोबाइल का संतुलित उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही विद्यार्थियों को ऐसे कार्य करने की प्रेरणा दी जिससे माता-पिता, गुरुजन और समाज गौरवान्वित हो।
कार्यक्रम में सीबीईओ अरविन्द मुन्दड़ा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने आगामी 10वीं बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक टिप्स और प्रश्न-पत्र हल करने की उपयोगी रणनीतियां भी साझा कीं।
बसंत पंचमी के साथ-साथ विद्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती (पराक्रम दिवस) भी श्रद्धा और गर्व के साथ मनाई गई। वक्ताओं ने नेताजी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय योगदान को याद करते हुए उनके प्रसिद्ध नारे “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” का उल्लेख किया और विद्यार्थियों से आज के समय में अपना समय, परिश्रम और प्रतिभा राष्ट्र निर्माण में समर्पित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के प्रकाश चेलावत, बी.एम. राठी, राधेश्याम धाकड़, भगवती प्रसाद शर्मा, रवि ओझा, गोविन्द राठी, आसीम खान एवं मांगीलाल धाकड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार धाकड़ ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।