नीमच। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी शहर के मूलचंद मार्ग स्थित चूड़ी गली कार्नर पर अवस्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में गुप्त नवरात्रि की सप्तमी एवं अष्टमी के अवसर पर दो दिवसीय स्थापना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत आज 25 जनवरी से होगी, जिसमें बड़ी संख्या में दूरदराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मंदिर सेवक सुरेन्द्र कलोसिया एवं सेविका निशा प्रकाश कलोसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थापना महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत आज 25 जनवरी को रात्रि 9 बजे से भव्य भजन संध्या एवं रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन कलाकार माता की महिमा का गुणगान करेंगे।
वहीं 26 जनवरी को गुप्त नवरात्रि की अष्टमी के अवसर पर प्रातः 11 बजे से विधिवत हवन-पूजन संपन्न होगा। इसके पश्चात सायं 6 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी भक्त प्रसादी ग्रहण करेंगे।
मंदिर सेवकों ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माता रानी के दर्शन कर धर्मलाभ अर्जित करें।