नीमच। सेवा, संवेदना और समर्पण का संदेश लेकर लायंस क्लब के गवर्नर रामकिशोर गर्ग आज नीमच पहुंचे। लायंस क्लब नीमच द्वारा लायन डेन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में गवर्नर रामकिशोर गर्ग ने लायंस क्लब द्वारा किए जा रहे नेत्रदान एवं देहदान जैसे मानवता से जुड़े सेवाकार्यों की सराहना करते हुए क्लब के प्रयासों की खुले मंच से प्रशंसा की।
गवर्नर गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि लायंस क्लब केवल एक सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में आशा और रोशनी का प्रतीक है। नेत्रदान के माध्यम से जहां दृष्टिहीनों को नई दृष्टि मिल रही है, वहीं देहदान जैसे पुण्य कार्य से चिकित्सा शिक्षा एवं शोध को नई दिशा प्राप्त हो रही है। उन्होंने इन सेवाओं को समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
रामकिशोर गर्ग ने क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से सेवाकार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर ले जाने, ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान और देहदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब में चार नए सदस्यों को शामिल किया गया। गवर्नर गर्ग ने सभी नव-प्रवेशित सदस्यों का विधिवत स्वागत करते हुए उन्हें सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भूपेंद्र चौधरी, सुनील शर्मा, गुरमुख छाबड़ा, ऋषभ गोपावत, शैलेंद्र पोरवाल, शैलेश गर्ग, महेंद्र त्रिवेदी, महेंद्र भटनागर सहित लायंस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।