नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा, नीमच के प्रथम स्थापना वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वीर शहीदों को समर्पित “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम भावनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। राष्ट्रगीतों, देशभक्ति और बलिदान की भावना से सजे इस आयोजन ने उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रप्रेम से अभिभूत कर दिया।
कार्यक्रम में भजन सम्राट पंकज तिवारी (मनासा) की राष्ट्रभक्ति से सजी प्रस्तुतियों ने माहौल को जोश और श्रद्धा से भर दिया। वहीं फिल्म निर्माता धर्मेंद्र पाटीदार एवं गौरी खंडेलवाल की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने शहीदों के बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर देश सेवा में योगदान देने वाले 10 भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कर उन्हें नमन किया गया, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। यह क्षण उपस्थित नागरिकों के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बना।
शाखा अध्यक्ष ललित राठी ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन सच्ची श्रद्धांजलि होते हैं तथा परिषद द्वारा प्रतिवर्ष ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर देशभक्ति की भावना को और सशक्त किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय संत मिथिलेश नागर ने आयोजन को राष्ट्र के प्रति समर्पित प्रेरणादायी प्रयास बताया। वहीं पवन पाटीदार, प्रदेश अध्यक्ष (भाजपा पिछड़ा मोर्चा) ने युवाओं से ऐसे आयोजनों से जुड़कर राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सुनील सिंहल ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, त्याग और बलिदान के मूल्यों को समाज में सशक्त रूप से स्थापित कर रही है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला बताया।
कार्यक्रम का संचालन उमेश शर्मा ने किया, जबकि सचिव मनीष गर्ग ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।