चित्तौड़गढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के निंबाहेड़ा सेवा केंद्र पर 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने उपस्थित भाई-बहनों को गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिया।
बीके शिवली दीदी ने कहा कि 26 जनवरी भारत के लिए गौरव का दिन है, क्योंकि इसी दिन देश का संविधान लागू हुआ, जिसके शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। संविधान हमें नियम, संयम, कानून, मौलिक कर्तव्यों एवं नैतिक मूल्यों का मार्गदर्शन देता है। उन्होंने कहा कि यदि हम स्वयं, परिवार, समाज और राष्ट्र को सुव्यवस्थित रूप से चलाना चाहते हैं, तो नियमों का पालन आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि परमपिता परमात्मा शिव बाबा ने भी मानव जीवन को सुखी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए श्रीमत् रूपी नियम दिए हैं। यदि इन ईश्वरीय नियमों का पालन किया जाए, तो व्यक्ति, समाज और विश्व को सुखमय एवं स्वर्णिम बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाई-बहनों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम व्यक्त किया। देशभक्ति गीतों पर सामूहिक नृत्य से वातावरण उल्लासमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया। यह आयोजन देशभक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों का सुंदर संगम रहा।