चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, आर.के. नगर, निम्बाहेड़ा स्थित पाटनी पब्लिक स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षाेल्लास एवं गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कंपनी के यूनिट हेड एवं विद्यालय प्रबंधक नितिन जैन मुख्य अतिथि तथा वंडर यूफोरिया लेडीज क्लब की अध्यक्षा अरुणा जैन विशिष्ट अतिथि रहीं।
मुख्य अतिथि नितिन जैन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी एवं मार्चपास्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों एवं देश के वीर सैनिकों के बलिदान को नमन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। हम केवल अधिकारों की बात न करें, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि आज का भारत सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति, शिक्षा, विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित हर क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर बल देते हुए कहा कि इससे लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा। हमारी एकता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
समारोह के दौरान पाटनी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्कूल बैंड के साथ राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मुख्य सुरक्षा अधिकारी नागेंद्र सिंह चुंडावत के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स, विद्यालय प्लाटून एवं वंडर सीमेंट के सुरक्षा कर्मियों द्वारा सुसज्जित परेड प्रस्तुत की गई।
विद्यालय की अकादमिक उप-प्रधानाचार्या रमा देवी एन ने अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। विद्यार्थियों द्वारा हाड़ी रानी के बलिदान पर आधारित नृत्य-नाटिका, एरोबिक्स, देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं डंबल पीटी की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर वंडर सीमेंट के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को यूनिट हेड नितिन जैन द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही उपखंड स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित हुई पाटनी पब्लिक स्कूल की छात्रा रितिषा चेजारा को भी बधाई दी गई।
कार्यक्रम में कंपनी के उपाध्यक्ष अमित मेहता, राजेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, आर.के. नगरवासी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।