नीमच। जिला मुख्यालय के समीप स्थित राजस्थान की छोटी सादड़ी तहसील अंतर्गत गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम केसुंदा से भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। सोमवार 26 जनवरी 2026 को निकाली गई यह चुनरी यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ ग्राम केसुंदा से प्रारंभ होकर केसुंदा गांव में विराजित मां विंध्यवासिनी धाम पहुंची।
चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। यात्रा के केसुंदा स्थित मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचने पर मंदिर के पुजारी मुकेश नागदा, प्रदीप नागदा एवं मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा जयकारे लगाए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
गुप्त नवरात्रि के दौरान मां विंध्यवासिनी धाम केसुंदा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की आस्था है कि माता रानी सभी भक्तों के कष्ट दूर कर मनोकामनाएं पूर्ण कर रही हैं।
इसी क्रम में मंदिर समिति द्वारा गुप्त नवरात्रि के पावन पर्व दुर्गा अष्टमी के अवसर पर दिनांक 26 जनवरी 2026 को मां विंध्यवासिनी धाम केसुंदा में भव्य शक्ति पूजन (कन्या पूजन) एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कन्या पूजन दोपहर 1 बजे तथा भंडारा दोपहर 3 बजे से सायं 10 बजे तक रहा बड़ी संख्या में भक्त जनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है। गुप्त नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम केसुंदा में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिल रहा है।