मोरवन। बुधवार को ग्राम मोरवन में ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम सभा को लेकर ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी उत्साह के चलते गांव के दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर ग्राम सभा में शामिल होने का निर्णय लिया है।
ग्राम में चाय-नाश्ता, सब्जी, किराना सहित सभी प्रकार की दुकानें बंद नजर आ रही हैं। ग्राम सभा को लेकर ग्रामीणों में ऐसा उत्साह पहली बार देखने को मिल रहा है।
सूत्रों के अनुसार मोरवन में प्रस्तावित टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीण एवं युवा ग्राम सभा के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे तथा फैक्ट्री के विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मोरवन में प्रस्तावित टेक्सटाइल फैक्ट्री का मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में विचाराधीन है तथा माननीय न्यायालय द्वारा फैक्ट्री निर्माण पर फिलहाल रोक लगाई गई है।