चित्तौड़गढ़। संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति वसुधा बस्ती के तत्वावधान में 25 मार्च 2026 को एक दिवसीय विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन भव्यता एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन को लेकर प्रातःकाल से ही बस्तीवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
आयोजन समिति के संयोजक सुमित हेड़ा एवं अध्यक्ष पुनीत जैन ने बताया कि रविवार प्रातः 11 बजे तीन ठाकुरजी के बेवाणों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा चारभुजा मंदिर चामटी खेड़ा, सर्वेश्वर महादेव मंदिर एवं रामेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर चामटी खेड़ा चौराहा नई पुलिया पर संगम के पश्चात चामटी खेड़ा रोड होते हुए वृंदावन गार्डन पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के महापुरुषों, भारत माता, राम दरबार, देवी-देवताओं की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न विद्यालयों, धार्मिक मंडलों, प्रभात फेरियों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों की सहभागिता रही।
मातृशक्ति एवं बालिकाओं द्वारा गगनभेदी नारों के बीच हैरतअंगेज अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। नन्हीं बालिकाओं ने रानी लक्ष्मीबाई व वीरांगनाओं की वेशभूषा में अद्भुत करतब दिखाए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
शोभायात्रा के पश्चात वृंदावन गार्डन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य, निरयुद्ध कला प्रदर्शन, श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का वाचन, महिषासुर मर्दिनी गायन एवं शिव तांडव स्तोत्र का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुरेंद्र सिंह राव, दिनेश भट्ट एवं संत आशीर्वचन स्वरूप संत चंद्र भारती महाराज (हजारेश्वर महादेव मंदिर) उपस्थित रहे।
सायंकाल ठाकुरजी एवं भारत माता की आरती तथा भोजन प्रसाद के साथ एक दिवसीय विराट हिंदू सम्मेलन का समापन हुआ।
इस अवसर पर वसुधा बस्ती के समस्त सनातन प्रेमी नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्य संजय योगी, राजेंद्र आगाल, भगवानलाल काबरा, लक्ष्मीनारायण डाड, ओंकारलाल सोनी, विपिन नाहर, जगदीश अग्रवाल, बालकिशन कुमावत, उपाध्यक्ष रतन काबरा, पवन अग्रवाल, विनय जैन, भीमराज सालवी, गणेश खटीक, रतन भोई, विष्णु मीणा, गोपाल पूर्बिया, संजय चेचनी, गोपालकृष्ण राठी सहित समस्त कार्यकर्ताओं व भामाशाहों का विशेष योगदान रहा। समिति के अजय बनवार ने सभी बस्तीवासियों का आभार व्यक्त किया।