मनासा। तहसील मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम खड़ावदा में युवाओं ने सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए गांव के श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण कर उसकी तस्वीर ही बदल दी। युवाओं की इस सराहनीय पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।गांव के युवाओं ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुकडेश्वर गांव में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों को देखकर उन्हें भी अपने गांव के लिए कुछ करने की प्रेरणा मिली। इसके बाद सभी युवाओं ने आपस में चर्चा कर श्मशान घाट की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया।
युवाओं द्वारा प्रतिदिन करीब दो घंटे श्रमदान किया जा रहा है। यह कार्य पिछले 17 दिनों से लगातार जारी है, जिससे श्मशान घाट की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और व्यवस्थित स्वरूप देने से अब श्मशान घाट पहले से कहीं अधिक स्वच्छ और सुव्यवस्थित नजर आ रहा है। युवाओं का कहना है कि सौंदर्यीकरण का कार्य आगे भी जारी रहेगा।
सोशल मीडिया से मिली प्रेरणा-
युवाओं ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कुकडेश्वर गांव में चल रहे विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को देखा, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी अपने गांव में कुछ सकारात्मक करने का संकल्प लिया और अपने खर्चे व समय से श्रमदान कर कार्य को अंजाम दिया।
गणतंत्र दिवस पर हुआ सम्मान -
युवाओं की इस सामाजिक पहल से प्रभावित होकर गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा श्रमदान करने वाले युवाओं का सम्मान किया गया। वहीं ग्रामीणों ने भी युवाओं के इस कार्य की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए इसे अन्य गांवों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। गांव के युवाओं की यह पहल न केवल स्वच्छता का संदेश दे रही है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और जिम्मेदारी की भी मिसाल बन गई है।