नीमच। तिलक मार्ग स्थित बावड़ी वाले बालाजी मंदिर में विराजित नीमच नरेश श्याम बाबा के पावन दरबार में आज जया एकादशी श्रद्धा, आस्था और भव्यता के साथ मनाई जा रही है। यह व्रत पापों से मुक्ति, जीवन में विजय और भय-बाधाओं के नाश का प्रतीक माना जाता है।
मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रातःकाल विधिवत पूजा-अर्चना और आरती संपन्न हुई। सायंकाल 7 बजे महाआरती, संगीतमय भजन और भक्तिरस से भरपूर भव्य ताली कीर्तन आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इस अवसर पर बाबा का शाही श्रृंगार किया गया है। दिल्ली और कोलकाता से मंगाए गए सुगंधित एवं रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया दरबार बसंत ऋतु के स्वागत का साक्षी बन रहा है।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। पूरा परिसर “श्याम प्यारे की जय” और “नीमच नरेश की जय” के जयघोष से गूंज रहा है। भक्तजन श्रद्धा भाव से बाबा के दर्शन कर जया एकादशी का पुण्य लाभ और विजय का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।